मधेपुरा: जिले के बिहारीगंज प्रखंड स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय सरौनी मुस्लिम टोला में शिक्षक और शिक्षिका के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक मो. इकबाल और शिक्षिका बीबी रूकसाना के बीच कथित संबंध के कारण स्कूल का माहौल खराब हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर रविवार को भी ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर दोनों को हटाने की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी के विरोध में सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण फिर से स्कूल पहुंच गए और गेट पर ताला लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर करीब आधे घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) परमानंद पंडित भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। उनके हस्तक्षेप के बाद स्कूल का ताला खुलवाया गया और पढ़ाई फिर से शुरू कराई गई।
बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दोनों शिक्षक-शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से इस विद्यालय से हटाकर दूसरे विद्यालय में पदस्थापित कर दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ